हेल्थ डेस्क.इन दिनों ब्रिटेन के कई शहरों में हॉर्सफ्लाई के काटने के कारण पैरों में फफोले पड़ने के मामले बढ़ रहे हैं। इसे वैंपायर हॉर्सफ्लाई भी कहा जा रहा है। पस के साथ पड़ने वाले ये फफोले सामान्य नहीं हैं। पहले छोटा घाव होना फिर इसे धीरे-धीरे बड़े पस वाले दानों के रूप में बदल जाना और लगातार खुजली के कारण मरीज को हॉस्पिटलाइज तक करना पड़ रहा है। सामान्य मक्खी सी दिखने वाली हॉर्सफ्लाई कितनी खतरनाक है इसका अंदाजा सोशल मीडिया पर दिख रही मरीजों की तस्वीरों से लगाया जा सकता है। इसके बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लोगों ने ब्रिटिश गवर्नमेंट से एंटीबायोटिक तैयार करने की गुजारिश की है। 2013 में भी ऐसा मामला सामने आया था जिसमें 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसका कहर ऐसे इलाकों में अधिक है जहां पूल हैं या फिर काफी दिनों से पानी ठहरा हुआ है।
क्या है वैंपायर हॉर्सफ्लाई
हॉर्सफ्लाई 1.25 इंच तक होती है। यह सामान्य मक्खी के मुकाबले थोड़ी बड़ी होती है। इसका रंग काफी गहरा होता है और ऊपरी हिस्से में हल्के रंग के पैच होते हैं। इसके जबड़े काफी शार्प होते हैं। लंदन के अखबार द सन के अनुसार ये मादा हॉर्सफ्लाई है। जो आमतौर पर मच्छर की तरह मानव का ब्लड चूसती है।
आसपास पानी न जमा होने दें: ब्रिटिश पेस्ट कंट्रोल एसोसिएशन
इसके बढ़ते मामले और खतरे को देखते हुए ब्रिटिश पेस्ट कंट्रोल एसोसिएशन ने चेतावनी जारी की है कि आसपास पानी जमा न होने दें। नमीं वाले इलाकों में आसानी से इनकी संख्या बढ़ती है। स्किन पर रैशेज, खुजली दिखने के साथ सांस लेने में दिक्कत और पैरों में सूजन नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। फिलहाल अभी इलाज के तौर पर स्टीरॉयड क्रीम और एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं।
काटने पर तुरंत क्या करें
- सबसे पहले ठंडे पानी से धोएं।
- जिस हिस्से पर काटा है उसे कपड़े से कवर करें।
- जिस हिस्से को काटा है उसे थोड़ा उठाकर रखें ताकि सूजन अधिक न हो।
- प्रभावित हिस्से को खुजलाएं नहीं।
लक्षण: कैसे पता लगाएं हॉर्सफ्लाई ने ही काटा है
- प्रभावित जगह पर 10 सेंटीमीटर का लाल फफोला दिखता है।
- बुखार के कारण तेजी से शरीर का तापमान बढ़ता है।
- सांसों में घरघराहट के साथ ब्रीदिंग में दिक्कत जैसे लक्षण भी दिखते हैं।
- सिर्फ पैर ही नहीं चेहरा और गले में भी सूजन हो सकती है।
- धड़कन बढ़ने के साथ बेहोशी छाना भी इसका लक्षण है।
No comments:
Post a Comment